प्रतापगढ़ में अवैध शराब तस्करी पर बड़ा प्रहार, 32 कार्टन शराब जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

प्रतापगढ़, 1 जुलाई। जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रठांजना थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक पिकअप वाहन से देशी और अंग्रेजी शराब के 32 कार्टन बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन और 33,070 रुपये की नकदी भी जब्त की गई है।

जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जौधा और वृत्ताधिकारी गजेन्द्र सिंह राव के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। रठांजना थाना प्रभारी विजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम को गादोला स्थित देवनारायण मंदिर के पास एक संदिग्ध पिकअप वाहन खड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन की घेराबंदी की और तलाशी ली।

तलाशी के दौरान वाहन से विभिन्न ब्रांड की देशी शराब, व्हिस्की, वोडका और बीयर के कुल 32 कार्टन बरामद हुए। पुलिस ने शराब के साथ 33,070 रुपये नकद और तस्करी में इस्तेमाल किया गया पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपाल भील (जिला नीमच, मध्यप्रदेश), धीरज बलाई (जिला मंदसौर, मध्यप्रदेश) और मनोहर मेघवाल (तोफाखेड़ा, थाना रठांजना, जिला प्रतापगढ़) के रूप में हुई है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटाई जा रही है। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *