पत्रकार दिनेश मेघवाल ने भेजा ज्ञापन, हजारों ग्रामीणों को राहत दिलाने के लिए सभी संपर्क मार्ग पक्के करने की अपील
रानी (पाली)। रानी उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत किरवा के अधीन राजस्व गांव कल्याणपुरा आज भी मूलभूत सड़क सुविधा से वंचित है। गांव को गुड़ा गंगान, खरोकड़ा, चांगवा और ग्राम पंचायत किरवा से जोड़ने वाले सभी प्रमुख संपर्क मार्ग कच्चे होने के कारण बरसात के मौसम में ग्रामीणों का आवागमन गंभीर रूप से प्रभावित हो जाता है। बारिश के दौरान सड़कें कीचड़ में तब्दील हो जाती हैं और बरसाती नालों में पानी भरने से कई बार गांव का संपर्क घंटों तक टूट जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग उठाई जा रही है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया। सबसे अधिक परेशानी विद्यार्थियों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को झेलनी पड़ती है। कई बार एंबुलेंस भी गांव तक नहीं पहुंच पाती, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्र की इस लंबे समय से चली आ रही समस्या को लेकर वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश मेघवाल ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को विस्तृत ज्ञापन भेजकर सभी प्रमुख संपर्क मार्गों के शीघ्र डामरीकरण और निर्माण की मांग की है। ज्ञापन में गुड़ा गंगान–कल्याणपुरा, कल्याणपुरा–खरोकड़ा, कल्याणपुरा–चांगवा तथा कल्याणपुरा–ग्राम पंचायत किरवा मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देने का आग्रह किया गया है।
ज्ञापन में बरसाती नालों पर पुलिया निर्माण, जल निकासी की स्थायी व्यवस्था, सड़क निर्माण के लिए बजट स्वीकृत करने तथा नादाना भाटान सहित आसपास के गांवों को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ने की मांग भी की गई है।
दिनेश मेघवाल ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। विद्यार्थियों को शिक्षा, किसानों को कृषि उपज के परिवहन, मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा और क्षेत्र के व्यापार व विकास को नई गति मिलेगी।
ग्रामीणों ने राज्य सरकार, सार्वजनिक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या को प्राथमिकता देते हुए जल्द प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी कर सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि बरसात के दौरान हर वर्ष होने वाली परेशानियों से स्थायी राहत मिल सके।