Headlines

बीकानेर में दिनदहाड़े 50 लाख से ज्यादा की सनसनीखेज लूट, कैश वैन रोक हथियारबंद बदमाश नकदी लेकर फरार

Spread the love

बीकानेर | 6 अगस्त 2026 राजस्थान के बीकानेर जिले में बुधवार को दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात से हड़कंप मच गया। पांचू थाना क्षेत्र के साधुना–सारुडा मार्ग पर सीएमएस कंपनी की कैश वैन को रोककर चार हथियारबंद बदमाश 50 लाख रुपये से अधिक की नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे जिले में नाकाबंदी कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

बैंक शाखाओं में कैश पहुंचाने जा रही थी वैन

जानकारी के अनुसार सीएमएस कंपनी की कैश वैन विभिन्न बैंक शाखाओं में नकदी पहुंचाने के लिए निकली थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने कैंपर वाहन से रास्ता रोक लिया। हथियारों के बल पर कैश वैन के कर्मचारियों को धमकाकर कैश बॉक्स अपने कब्जे में लिया और कुछ ही मिनटों में फरार हो गए।

घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारी

वारदात की सूचना मिलते ही नोखा वृत्ताधिकारी जरनैल सिंह और पांचू थानाधिकारी ईश्वरप्रसाद जांगिड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद जिलेभर में नाकाबंदी कराई गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और संभावित फरारी मार्गों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

प्रारंभिक जांच में कैश वैन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल सामने आए हैं। वैन में हथियारबंद सुरक्षा गार्ड मौजूद होने के बावजूद बदमाश आसानी से नकदी लूटकर फरार हो गए। पुलिस अब वैन में मौजूद सभी कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों से अलग-अलग पूछताछ कर रही है।

नौ टीमों का गठन

पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि लूट की वारदात का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नौ विशेष टीमों का गठन किया गया है। प्रारंभिक जांच में बदमाशों के नागौर और फलौदी क्षेत्र से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।

जांच जारी

पुलिस के अनुसार लूटी गई नकदी की सटीक राशि का सत्यापन किया जा रहा है। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और आरोपियों की तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *