कोटा | 3 जुलाई 2026 सोशल मीडिया पर हथियारों और लग्जरी लाइफस्टाइल का दिखावा एक युवक को सलाखों तक ले आया। कोटा पुलिस ने अवैध हथियार रखने के आरोप में एक बेरोजगार युवक को गिरफ्तार किया है, जो महंगी कारों, शराब और रील बनाने के शौक के लिए विदेश में रह रही अपनी पत्नी से हर महीने मिलने वाले पैसों पर निर्भर था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अमृतपाल सिंह के पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। कुछ दिन पहले पुलिस कार्रवाई के दौरान वह अपनी कार छोड़कर फरार हो गया था, लेकिन बाद में दिल्ली भागने की कोशिश करते समय उसे पकड़ लिया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी की पत्नी यूनाइटेड किंगडम में पढ़ाई के साथ पार्ट-टाइम नौकरी करती है और हर महीने उसे करीब एक लाख रुपये भेजती थी। पुलिस का कहना है कि इन पैसों का इस्तेमाल आरोपी पार्टी, महंगी शराब, कार की किस्तें और दिखावटी जीवनशैली पर करता था।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ने करीब एक साल पहले एक शादी समारोह के दौरान अवैध हथियार खरीदा था। उसका दावा है कि उसने हथियार केवल सोशल मीडिया पर रील बनाने और रौब दिखाने के लिए लिया था। पुलिस अब हथियार उपलब्ध कराने वाले लोगों और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपी विदेश जाने की तैयारी में था और उसका पासपोर्ट व वीजा भी बना हुआ था। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।