कोटा | 15 अगस्त 2026 कोटा के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के दिन एक दर्दनाक हादसे में ढाई साल के मासूम की जान चली गई। बच्चा अपने माता-पिता और जुड़वां भाई के साथ नाना के यहां आया हुआ था। माता-पिता शनिवार सुबह तिरंगे बेचने के लिए बाहर गए थे, इसी दौरान खेलते-खेलते मासूम निर्माणाधीन मकान के खुले पानी के टांके में गिर गया।
फुटबॉल देखकर हुआ हादसे का खुलासा
जानकारी के अनुसार बारां जिले के मंडोला गांव निवासी दिलखुश अपनी पत्नी और दो जुड़वां बच्चों के साथ कोटा आया था। उसके ससुर तलवंडी क्षेत्र स्थित एक निर्माणाधीन मकान में चौकीदारी करते हैं। परिवार वहीं रुका हुआ था।
शनिवार सुबह दिलखुश और उसकी पत्नी तिरंगे बेचने के लिए तलवंडी चौराहे और आसपास के क्षेत्र में चले गए। दोनों बच्चे घर पर खेल रहे थे। दोपहर में वापस लौटने पर एक बच्चा, अक्षु, दिखाई नहीं दिया।
परिजनों ने आसपास तलाश की तो पानी के टांके में फुटबॉल तैरती दिखाई दी। शक होने पर टांके में तलाश की गई, जहां मासूम का शव मिला। परिजन बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने CCTV फुटेज भी खंगाले
जवाहर नगर थानाधिकारी मुकेश मीणा के अनुसार बच्चे के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज भी चेक किए, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं बच्चे को कोई अपने साथ तो नहीं ले गया। बाद में पानी के टांके में फुटबॉल दिखाई देने पर तलाश की गई और बच्चे के टैंक में गिरने की पुष्टि हुई।
पुलिस के अनुसार परिजन शुरुआत में पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर रहे थे, लेकिन बाद में सहमत हो गए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
निर्माणाधीन मकान में खुला था पानी का टांका
मकान मालिक रमेश के अनुसार मकान का निर्माण काफी समय से बंद था और शनिवार को ही दोबारा काम शुरू किया गया था। उनका कहना है कि पानी के टांके को शनिवार को ही बंद किया जाना था, लेकिन इससे पहले ही यह हादसा हो गया।
स्वतंत्रता दिवस के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।