Jaipur: 2 बार NEET में फेल हुई तो नकल के लिए एग्जाम में ले गई मोबाइल, पर लड़की की प्लानिंग पर फिरा पानी

Spread the love

जयपुर: NEET UG 2026 रि-एग्जाम के समय जयपुर के एक सेंटर पर लड़की के पास मिले मोबाइल मामले में बड़ी बात सामने आई है. NEET की परीक्षा देने के लिए आई लड़की का यह तीसरा अटेम्ट था. इस बार वह NEET UG 2026 की परीक्षा में पास होने के लिए एग्जाम सेंटर पर मोबाइल फोन लेकर चली गई. छात्रा को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया है. जिस पर कोर्ट ने छात्रा को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए. NEET परीक्षा के दौरान छात्रा के पास मोबाइल मिलने की घटना पर सोमवार को डीसीपी वेस्ट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की. 

प्रेम नगर गुर्जर की थड़ी निवासी लड़की:

प्रशान्त किरन डीसीपी वेस्ट ने बताया कि बिंदायका थाना क्षेत्र में सरकारी स्कूल में एक बच्ची के पास मोबाइल फोन मिलने की सूचना मिली. परीक्षा जब चल रही थी तो इनविजिलेटर ने एक बच्ची की चेकिंग की तो एक स्मार्टफोन मिला. बच्ची प्रेम नगर गुर्जर की थड़ी की रहने वाली है. बच्ची से पूछताछ की गई और वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की गई. इसके साथ ही वहां पर मौजूद अन्य कर्मचारियों से पूछताछ हुई. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बच्ची का यह तीसरा अटेम्ट था. परीक्षा में पास होने के लिए वहां पर मोबाइल फोन लेकर गई थी. 

NEET एग्जाम में नकल के लिए ले गई मोबाइल:

दो बार NEET परीक्षा में फेल होने के बाद इस बार छात्रा हर हाल में पास होना चाहती थी. वह NEET UG 2026 के रि-एग्जाम में नकल करने के लिए परीक्षा में मोबाइल फोन लेकर चली गई. उसकी योजना थी कि वह वहां पर गूगल और एआई की मदद से सॉल्व करने का प्रयास करेगी. डीसीपी वेस्ट ने बताया कि चूंकि सेंटर पर जैमर लगे हुए थे तो नेटवर्क अच्छे से आ नहीं रहा था. ऐसे में उसकी योजना पर पानी फिर गया. इसी दौरान जब बच्ची बार-बार प्रयास कर रही थी तो टीचर ने देख लिया. शक होने पर शाम करीब 5 बजे लड़की की तलाशी ली गई और मोबाइल फोन पकड़ में आया. बच्ची के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस के अनुसार, NEET परीक्षा के दौरान बच्ची से बरामद फोन को एफएसएल जांच के लिए भेज दिया गया है. डीसीपी के अनुसार, बच्ची के मोबाइल का अवलोकन करने पर पता चला कि यह पेपर कहीं पर किसी व्यक्ति के पास नहीं पहुंचा है. यह जरूर साफ हुआ कि बच्ची ने NEET पेपर को AI की मदद से साल्व करने का प्रयास किया है. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *