नागौर/खींवसर। लोहावट में 27 जुलाई की मध्यरात्रि हुई भंवरीदेवी बिश्नोई की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बिश्नोई समाज और ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को समाज के लोगों ने खींवसर उपखंड कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीण रैली के रूप में उपखंड कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम खींवसर उपखंड अधिकारी सुनील पंवार को ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की।
14 दिन से थाने के बाहर धरना, 98 लोग अनशन पर
ज्ञापन में बताया गया कि मृतका के परिजन और ग्रामीण पिछले 14 दिनों से लोहावट पुलिस थाने के बाहर धरने पर बैठे हैं। वहीं पिछले पांच दिनों से करीब 98 लोग अनशन कर रहे हैं। इसके बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले के स्पष्ट खुलासे नहीं होने से समाज में भारी रोष है।
ग्रामीणों ने मांग की कि पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक आरोपियों का जल्द खुलासा करे तथा सभी दोषियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
हत्याकांड के खुलासे की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि घटना के करीब 15 दिन बीत जाने के बाद भी मामले में स्थिति स्पष्ट नहीं होने से मृतका के परिवार और क्षेत्र के लोगों में असुरक्षा एवं आक्रोश का माहौल है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान बिश्नोई समाज के पदाधिकारी, ग्रामीण और विभिन्न गांवों के लोग मौजूद रहे। पांचला सिद्धा, भेड़, चावड़िया, कुड़छी, ढिंगसरा और अणदोलाव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण प्रदर्शन में शामिल हुए।
विज्ञापन…… सिरोही : स्वरूपगंज
