Headlines

पुलिस-जेडीए की संयुक्त कार्रवाई, मादक पदार्थ और अवैध शराब तस्करी से जुड़े मामलों में नामजद हिस्ट्रीशीटर के तीन मंजिला निर्माण पर चला बुलडोजर

Spread the love

जयपुर में अपराध की कमाई पर चला बुलडोजर, हिस्ट्रीशीटर दंपती की करोड़ों की अवैध संपत्ति ध्वस्त

जयपुर | राजधानी जयपुर में अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर दंपती की अवैध संपत्ति को ध्वस्त कर दिया। मानसरोवर क्षेत्र के शंकर विहार, गुर्जर की ढाणी स्थित मकान संख्या 36-ए पर की गई इस कार्रवाई में करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार हिस्ट्रीशीटर मुकेश सांसी और उसकी पत्नी तीजा सांसी के खिलाफ अवैध शराब तस्करी और मादक पदार्थों से जुड़े कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। जांच में सामने आया कि दोनों ने कथित रूप से अपराध से अर्जित धन का उपयोग कर बिना अनुमति तीन मंजिला भवन का निर्माण कराया था।

बताया गया कि संबंधित निर्माण जयपुर विकास प्राधिकरण की स्वीकृति के बिना किया गया था। स्थानीय लोगों द्वारा विरोध दर्ज कराने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया। कार्रवाई के दौरान संयुक्त टीम ने मकान संख्या 36-ए पर बने अवैध हिस्से को ध्वस्त कर दिया, जबकि समीप स्थित मकान संख्या 37 के संबंध में जेडीए ने नियमानुसार नोटिस जारी किया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार प्रदेशभर में हिस्ट्रीशीटरों, हार्डकोर अपराधियों और अपराध की कमाई से बनाई गई संपत्तियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत ऐसे लोगों की चल और अचल संपत्तियों की पहचान कर कानूनी प्रक्रिया के अनुसार कुर्की, ध्वस्तीकरण और अन्य कार्रवाई की जा रही है।

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण ललित कुमार शर्मा, एसीपी मानसरोवर हेमेंद्र शर्मा और थाना प्रभारी सतीश चंद्र के नेतृत्व में पुलिस एवं जेडीए की संयुक्त टीम द्वारा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संगठित अपराध और अवैध कमाई से खड़ी की गई संपत्तियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *