Headlines

बाड़मेर में ACB का बड़ा एक्शन: PM आवास की किस्त के बदले रिश्वत लेते ग्राम विकास अधिकारी गिरफ्तार

Spread the love

PM आवास योजना की अंतिम किस्त जारी करने के नाम पर 4,500 रुपये की घूस लेते रंगे हाथों पकड़ी गई महिला VDO

बाड़मेर | राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बाड़मेर जिले के धोरीमन्ना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए जूनाखेड़ा ग्राम पंचायत की ग्राम विकास अधिकारी (VDO) सपना गुर्जर को प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) की अंतिम किस्त जारी करने के बदले 4,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

एसीबी के अनुसार, परिवादी ने शिकायत दी थी कि पीएम आवास योजना की अंतिम किस्त जारी करने के लिए ग्राम विकास अधिकारी ने 5,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत के सत्यापन के दौरान 4,500 रुपये लेने पर सहमति बनी। इसके बाद पुलिस निरीक्षक देवाराम के नेतृत्व में एसीबी टीम ने जाल बिछाया और रिश्वत की राशि लेते ही आरोपी अधिकारी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई। एसीबी अब आरोपी के दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत एसीबी को दें, ताकि भ्रष्टाचार पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *