जयपुर में डीएनटी समुदाय के आंदोलन ने पकड़ा उग्र रूप, पुलिस पर पथराव के बाद लाठीचार्ज और आंसू गैस

Spread the love

10% आरक्षण की मांग पर महापड़ाव में बवाल, सरकार से मुख्यमंत्री स्तर की वार्ता पर अड़े प्रदर्शनकारी

जयपुर। 10 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर राजधानी जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में चल रहा डीएनटी (घुमंतु एवं अर्ध घुमंतु) समुदाय का महापड़ाव बुधवार शाम अचानक उग्र हो गया। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों और पुलिस के बीच टकराव बढ़ने पर दोनों पक्षों में करीब 20 मिनट तक पथराव हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

डीएनटी समुदाय पिछले दो वर्षों से 10 प्रतिशत आरक्षण सहित 11 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा है। आंदोलन में राजस्थान के अलावा पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल होने जयपुर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार को शाम 4 बजे तक मांगों पर निर्णय लेने का अल्टीमेटम दिया था।

आंदोलन के नेताओं का कहना है कि सरकार के साथ कई दौर की वार्ता के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकला। उनका स्पष्ट कहना है कि अब मुख्यमंत्री स्तर से कम किसी भी स्तर पर बातचीत स्वीकार नहीं की जाएगी। मांगों में 10 प्रतिशत आरक्षण, स्थायी आवास के पट्टे, जातियों के नामों में मौजूद विसंगतियों को दूर करने सहित अन्य मुद्दे शामिल हैं।

प्रदर्शनकारियों का दावा है कि सरकारी रिकॉर्ड में घुमंतु एवं अर्ध घुमंतु समुदाय की 32 जातियां दर्ज हैं, जबकि वास्तविक संख्या 53 है। उनका कहना है कि सभी समुदायों के प्रतिनिधि महापड़ाव में मौजूद हैं और सरकार चाहे तो प्रतिनिधिमंडल से बातचीत कर सकती है।

घटना के बाद जयपुर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है, जबकि आंदोलनकारी अपनी मांगों पर अडिग हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *