राजस्थान SI पेपर लीक में SOG की बड़ी कार्रवाई, कोचिंग संचालक समेत 2 गिरफ्तार, 35 लाख में खरीदा था सॉल्व पेपर

Spread the love

SI भर्ती घोटाले में अब तक 149 गिरफ्तार, लाखों लेकर दिलाई नौकरी, रिमांड में खुलेंगे कई और राज

जयपुर, 1 जुलाई। राजस्थान उप निरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहपुरा स्थित एमएडी फाउंडेशन कोचिंग के संचालक दिनेश किलका और उसके सहयोगी राकेश कुमार को गिरफ्तार किया है। अदालत ने दोनों आरोपियों को 4 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेजा है। इस बहुचर्चित मामले में अब तक कुल 149 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

जांच में सामने आया कि दिनेश किलका और राकेश कुमार ने परीक्षा से पहले दो अभ्यर्थियों को कथित तौर पर सॉल्व पेपर उपलब्ध कराया। इसके बदले अविनाश पलसानिया से 20 लाख और परमेश चौधरी से 16 लाख रुपये लिए गए। दोनों अभ्यर्थी परीक्षा में चयनित होकर उप निरीक्षक बने थे, लेकिन बाद में जांच के दायरे में आने पर गिरफ्तार कर लिए गए।

SOG के अनुसार, दिनेश किलका लंबे समय से फरार था और उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। 29 जून को गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने लीक हुआ सॉल्व पेपर 35 लाख रुपये में राकेश कुमार से खरीदा था। इसके आधार पर 30 जून को राकेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

आगे की जांच में पता चला कि राकेश कुमार तक यह पेपर आरोपी अरुण शर्मा के जरिए पहुंचा था, जिसे SOG पहले ही जुलाई 2024 में गिरफ्तार कर चुकी है। फिलहाल पुलिस रिमांड के दौरान दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ में पेपर लीक सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों और आर्थिक लेन-देन के संबंध में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *