मेहंदीपुर बालाजी में सनसनी: मैनपुरी से आए 7 श्रद्धालु धर्मशाला में मिले बेहोश, साथ आया संदिग्ध व्यक्ति फरार
जयपुर/दौसा | 30 जून 2026 राजस्थान के दौसा जिले स्थित विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मेहंदीपुर बालाजी में मंगलवार को एक रहस्यमयी घटना सामने आई, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से दर्शन के लिए आए एक ही परिवार के सात श्रद्धालु कस्बे की एक धर्मशाला में अचेत अवस्था में मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को एंबुलेंस से सिकराय अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई।
पुलिस के अनुसार परिवार में विकास, सुखवीर, ममता देवी, प्रियंका, साधना, आरती, तारा और देवी शामिल थे। श्रद्धालु पहले गोगामेड़ी में दर्शन करने पहुंचे थे, जहां उनकी मुलाकात एक अज्ञात व्यक्ति से हुई। बातचीत के दौरान उसने परिवार का विश्वास जीत लिया और यात्रा के दौरान पानी व खाने-पीने का सामान उपलब्ध कराता रहा। बाद में वही व्यक्ति उनके साथ मेहंदीपुर बालाजी भी पहुंचा और धर्मशाला में ठहरने तक साथ रहा।
पीड़ित महिला ने बताया कि होश आने पर वह व्यक्ति वहां से गायब मिला। इसके बाद आशंका जताई जा रही है कि श्रद्धालुओं को किसी नशीले पदार्थ का सेवन कराया गया हो। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार करते हुए जांच जारी होने की बात कही है।
थाना प्रभारी सचिन शर्मा ने बताया कि सभी श्रद्धालुओं की स्थिति फिलहाल सुरक्षित है। धर्मशाला संचालक से भी पूछताछ की जाएगी कि श्रद्धालुओं की बिगड़ती हालत के बावजूद समय पर पुलिस या चिकित्सा विभाग को सूचना क्यों नहीं दी गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
डीएसपी धर्मराज चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि श्रद्धालु पहले से ही बेसुध हालत में धर्मशाला पहुंचे थे। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मामला लूटपाट, नशीला पदार्थ खिलाकर वारदात करने वाले गिरोह या किसी अन्य आपराधिक साजिश से जुड़ा है या नहीं।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और श्रद्धालुओं के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।