भीलवाड़ा: बिजौलिया में छह दिन पहले जंगल में पकड़ी एमडी ड्रग फैक्ट्री पर चला पीला पंजा, ढहाया अवैध निर्माण

Spread the love

जयपुर: भीलवाड़ा जिले के बिजौलिया थाना क्षेत्र के चंपापुर गांव के जंगल के पास पकड़ी गई एमडी ड्रग की अवैध फैक्ट्री को शनिवार को ध्वस्त कर दिया गया. राजस्व विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी लगाकर ड्रग फैक्ट्री निर्माण को ध्वस्त किया. अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई राजस्थान भू-राजस्व अधिनियम की धारा 177 के तहत की गई.

बिजौलिया तहसीलदार ललित डीडवानिया ने बताया कि गिरदावर और पटवारी की रिपोर्ट के आधार पर अतिक्रमण हटाने की कारवाई की गई. अवैध निर्माण पूरी तरह हटाया जाएगा. भीलवाड़ा पुलिस ने सोमवार को इस ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था, जहां अवैध रूप से ड्रग्स बनाई जा रही थी. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 36 किलो एमडी पाउडर समेत 155 लीटर केमिकल, 30 लीटर एचसीएल व 8.5 किलो कास्टिक सोडा आदि यहां से जब्त किया था. साथ ही तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया था. इधर, ड्रग फैक्ट्री मामले की जांच में पाया कि यह 15 बीघा जमीन गुढ़ा निवासी एक परिवार के नौ खातेदारों के नाम है, जिनमें चार नाबालिग हैं. राजस्व विभाग के अनुसार, खातेदारों को इस अवैध गतिविधि और निर्माण की जानकारी नहीं थी. जांच में सामने आया कि इस भूमि पर भंवर बंजारा नामक व्यक्ति ने अतिक्रमण कर पक्का निर्माण कर रखा था. इसी निर्माण को उसने ड्रग फैक्ट्री संचालित करने वाले आरोपियों को करीब सात हजार रुपए मासिक किराए पर दे रखा था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *