Barmer: ब्रेक फ्री इंडिया डिजिटल प्लेटफॉर्म से एचआईवी जागरूकता को मिलेगी नई दिशा सीएमएचओ

Spread the love

बाड़मेर, 22 जून। राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीडी नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, बाड़मेर में “ब्रेक फ्री इंडिया” डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विष्णुराम विश्नोई ने की।

कार्यशाला में नेशनल एड्स कंट्रोल प्रोग्राम से जुड़े आईसीटीसी, डीएसआरसी, एआरटी, टीआई-एनजीओ सहित विभिन्न इकाइयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य डिजिटल माध्यम से आमजन एवं विशेष रूप से युवाओं को एचआईवी एवं यौन संचारित संक्रमण (STI) संबंधी जानकारी, परामर्श तथा स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच उपलब्ध करवाना रहा।

प्रशिक्षण के दौरान वाईआरजीकेयर (YRGCARE) के ट्रेनर रतनलाल माली ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से “ब्रेक फ्री इंडिया” डिजिटल प्लेटफॉर्म की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह प्लेटफॉर्म लोगों को घर बैठे स्वयं के एचआईवी संक्रमण जोखिम का आकलन करने, वर्चुअल काउंसलर से बातचीत करने तथा एआई आधारित वर्चुअल असिस्टेंट के माध्यम से एचआईवी-एड्स एवं एसटीआई से जुड़ी आवश्यक जानकारी प्राप्त करने की सुविधा प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से उपयोगकर्ता मानसिक स्वास्थ्य सहित अन्य महत्वपूर्ण स्वास्थ्य विषयों पर भी निःशुल्क जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही 1097 टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर तथा ब्रेक फ्री इंडिया वेबसाइट के माध्यम से कोई भी व्यक्ति गोपनीयता के साथ कभी भी एचआईवी संबंधी जानकारी एवं परामर्श प्राप्त कर सकता है।

कार्यक्रम के दौरान जिला क्षय रोग निवारण अधिकारी डॉ. अरविंद भट्ट ने एचआईवी-टीबी कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित 95-95-95 लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए सभी संबंधित कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कार्यक्रम की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं समन्वय के महत्व पर जोर दिया।

कार्यशाला में दिशा यूनिट से डॉ. शेषकरण सिंह, कमलेश चौधरी, नवरत्न सोनी सहित काउंसलर, लैब टेक्निशियन एवं अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *