बाड़मेर,07 सितंबर। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने संबंधित मतदाताओं से नगर निकाय आम चुनाव 2026 में आवश्यक रूप से मतदान करने की अपील की है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने बताया कि बाड़मेर जिले में राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार दो चरणों में नगर निकाय आम चुनाव-2026 के लिए मतदान होना है। इस दौरान बाड़मेर जिले के समस्त सम्मानित मतदाता लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्हाेंंने बताया कि प्रथम चरण में बाड़मेर नगर परिषद क्षेत्र में 55 वार्ड सदस्यों के निर्वाचन के लिए 09 सितंबर को तथा दूसरे चरण में चौहटन नगर पालिका क्षेत्र में 20 वार्ड सदस्यों के निर्वाचन के लिए 11 सितंबर को मतदान होगा।
मतदान का समय प्रातः 07 बजे से सायं 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके साथ जिला मुख्यालय पर 14 सितंबर को मतगणना की जाएगी। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए पेयजल, छाया और रैंप, व्हीलचेयर आदि सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्हाेंंने अनुरोध किया है कि मतदाता मतदान दिवस पर निर्धारित समय पर अपने मतदान केन्द्र पर पहुंचें। इस दौरान मतदाता परिचय पत्र अथवा अन्य निर्धारित आवश्यक पहचान दस्तावेज साथ रखें तथा निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए मतदान करें। उन्होंने कहा कि मतदान केवल हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति हमारी जिम्मेदारी और कर्तव्य भी है। इसलिए प्रत्येक मतदाता बिना किसी भय, दबाव, प्रलोभन या भेदभाव के अपने विवेक से मतदान करें। उन्होंने विशेष रूप से युवा मतदाताओं, महिला मतदाताओं, दिव्यांग मतदाताओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से पूरे उत्साह के साथ संबंधित मतदान केन्द्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का उपयोग करने का अनुरोध किया है।