बालोतरा: ACB एक्शन बालोतरा में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, 20500 रुपए की रिश्वत लेते रेवेन्यू इंस्पेक्टर गिरफ्तार

Spread the love

बालोतरा: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बालोतरा जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक भू-अभिलेख निरीक्षक (रेवेन्यू इंस्पेक्टर) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कृषि भूमि की नेखमबंदी कराने के एवज में परिवादी से मोटी रिश्वत की मांग की थी। बाड़मेर एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर उसे 20,500 रुपए की रिश्वत राशि लेते हुए दबोच लिया। आरोपी पहले ही पीड़ित से 4 हजार की रिश्वत ले चुका था।

एसीबी मुख्यालय से जारी जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नारायणलाल, भू-अभिलेख निरीक्षक (आरआई), सर्किल नगर, तहसील गुड़ामालानी, जिला बालोतरा में पदस्थापित है। परिवादी ने एसीबी को शिकायत दी थी कि उसके पिता चैनाराम की कृषि भूमि की नेखमबंदी का कार्य लंबित है और इसके लिए नियुक्त अधिकारी नारायणलाल लगातार रिश्वत की मांग कर रहा है।

नेखमबंदी के बदले 30 हजार की मांगी रिश्वत:

शिकायत में बताया गया कि उपखंड मजिस्ट्रेट गुड़ामालानी के न्यायालय में दर्ज एक वाद में नेखमबंदी के आदेश पारित हुए थे। आदेश की पालना के लिए तहसीलदार गुड़ामालानी द्वारा नारायणलाल को कमीशनर नियुक्त किया गया था। आरोप है कि मौके पर जाकर नेखमबंदी करने के बदले आरोपी ने पहले 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी और परिवादी को बार-बार परेशान किया।

5,500 रुपए वापस लौटाया:

एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी पहले ही 4 हजार रुपए प्राप्त कर चुका था। बाद में शेष 26 हजार रुपए लेने की बात तय हुई। ट्रैप कार्रवाई के दिन आरोपी ने परिवादी और उसके पिता से 26 हजार रुपए लिए, लेकिन सह-परिवादी के अनुरोध पर 5,500 रुपए वापस लौटा दिए। इसके बाद शेष 20,500 रुपए अपने पास रखते ही एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

रिश्वत की राशि बरामद:

यह कार्रवाई एसीबी रेंज जोधपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस नारायण टोगस के निर्देशन में की गई। एसीबी बाड़मेर इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने पूरी योजना के साथ ट्रैप को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।

आरोपी से पूछताछ जारी:

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी। एसीबी यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने पूर्व में भी इस तरह के मामलों में रिश्वत ली है या नहीं।

रिश्वत मांगने पर यहां करें संपर्क:

एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी रिश्वत मांगता है तो इसकी सूचना हेल्पलाइन नंबर 1064 अथवा व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9413502834 पर देकर भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में सहयोग करें। ब्यूरो ने भरोसा दिलाया है कि शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उनके वैध कार्यों में पूरी सहायता प्रदान की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *