बालोतरा (राजस्थान)। बालोतरा जिले के भांडियावास गांव के पास नेशनल हाईवे 125 (NH-125) पर देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार आगे चल रहे डंपर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो कार के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में 5 युवकों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।
तीन युवकों ने मौके पर ही तोड़ा दम
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना इतनी भयानक थी कि तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि 108 एम्बुलेंस समय पर मौके पर नहीं पहुंची, जिसके बाद घायलों और मृतकों को निजी एम्बुलेंस व वाहनों की मदद से तुरंत बालोतरा के राजकीय नाहटा अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पांच युवकों को प्राथमिक उपचार देकर जोधपुर रेफर किया गया था। जोधपुर में इलाज के दौरान दो और घायलों ने दम तोड़ दिया, जिससे कुल मृतकों की संख्या 5 हो गई है।
सभी मृतक बायतू के कानोड़ गांव के निवासी
हादसे का शिकार हुए सभी युवक बायतू के कानोड़ गांव के रहने वाले थे। मृतकों और घायलों की पहचान निम्नानुसार हुई है:
मृतकों के नाम:
🔹रेवांताराम (26), पुत्र गेनाराम जाट
🔹स्वरूपाराम (27), पुत्र मेहराराम जाट
🔹भरत (25), पुत्र बन्नाराम जाट
🔹किशन (27), पुत्र शेराराम जाट
🔹भावेश, पुत्र कलाराम जाट
घायलों के नाम (उपचार जारी):
🟢 बाबू, पुत्र अर्जुनराम
🟢 मुकेश, पुत्र मेहराराम
🟢 हेमाराम, पुत्र जीयाराम
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, स्कॉर्पियो कार पहले किसी अज्ञात वाहन से टकराई थी, जिसके बाद वह अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे डंपर में जा घुसी। पुलिस अब हाईवे और आस-पास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान की जा सके। पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है।