झुंझुनूं | 21 जुलाई 2026 राजस्थान के झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के अगवाना खुर्द गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर उसका शव घर के संदूक में छिपाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान शिलोचना जाट के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मौके से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
दोनों हाथ बंधे मिले
पुलिस ने बताया कि जब संदूक खोला गया तो महिला का शव अंदर मिला। प्रारंभिक निरीक्षण में मृतका के दोनों हाथ बंधे हुए पाए गए। इसके बाद घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए।
शराब के पैसों को लेकर हुआ था विवाद
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस को आशंका है कि इसी विवाद के बाद महिला की हत्या की गई और शव को संदूक में छिपा दिया गया। हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
पति हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी पति कृष्ण कुमार जाट को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। एफएसएल रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।