Headlines

जयपुर: राजस्थान में फिर सक्रिय हुआ मानसून, तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश का अलर्ट, IMD की चेतावनी जारी

Spread the love

जयपुर: राजस्थान में करीब 2 सप्ताह बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आने वाली मानसूनी हवाओं का असर बढ़ने लगा है। इसके चलते राजस्थान के कई जिलों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

विभाग ने सुबह 7:34 बजे से अगले 3 घंटे के लिए उदयपुर, सलूम्बर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, ब्यावर, अजमेर, नागौर, डीडवाना-कुचामन, चूरू, सीकर, झुंझुनू, जयपुर, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, अलवर, डीग, भरतपुर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, दौसा, करौली, टोंक, बूंदी, कोटा, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, बारां और हनुमानगढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

आज इन जिलों में हुई बारिश:

आज भी जयपुर के कई इलाकों में अलसुबह हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं राजस्थान के हाड़ौती क्षेत्र के बारां में रात 2 बजे से रुक-रुक कर अलसुबह तक हल्की बारिश होती रही। कोटा में भी सुबह करीब 4 बजे से बारिश का दौर शुरू हो गया और झालावाड़ में सुबह से बीच-बीच में रुक-रुक कर बारिश जारी है। उधर सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में अलसुबह झमाझम बारिश हुई। इससे शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया और कई सड़कें जलमग्न हो गईं। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरों पर भी खुशी लौट आई। डीडवाना में भी तड़के 4 बजे से अच्छी बारिश शुरू हुई। यहां मानसून की पहली बरसात के बाद अब जाकर अच्छी बारिश हुई है जिससे किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।

कल भी हुई थी झमाझम बारिश:

सोमवार को अलवर, भरतपुर और उदयपुर में भी अच्छी बारिश दर्ज हुई थी। धौलपुर में करीब 6 घंटे के दौरान 42 मिलीमीटर बारिश हुई जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। राजधानी जयपुर में भी 5 जुलाई के बाद पहली बार अच्छी बारिश हुई।

IMD ने दिया अलर्ट:

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार 21 और 22 जुलाई को कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और बीकानेर संभाग में बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। वहीं 23 से 27 जुलाई के बीच कोटा, अजमेर, उदयपुर, जयपुर, भरतपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहने का अनुमान है। इस दौरान कई इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *