जैसलमेर | 13 जुलाई 2026 राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने ऊंट संरक्षण योजना में रिश्वत लेने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जैसलमेर के राजकीय पशु चिकित्सालय में कार्यरत पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राघव डोई और पशुधन निरीक्षक सोनू रैगर को गिरफ्तार किया है।
एसीबी के अनुसार, दोनों आरोपियों पर सरकारी योजना की अनुदान राशि जारी करवाने के बदले पशुपालकों से रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत के सत्यापन के बाद बाड़मेर एसीबी की टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए पशुधन निरीक्षक सोनू रैगर को 3,000 रुपये नकद रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। जांच में डॉक्टर की भूमिका सामने आने पर उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया।
बताया गया कि ऊंट संरक्षण योजना के तहत गर्भवती ऊंटनी के संरक्षण के लिए सरकार द्वारा दो किश्तों में कुल 20 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाती है। आरोप है कि इस राशि का लाभ दिलाने के नाम पर दोनों अधिकारियों ने दो पशुपालकों से 2-2 हजार रुपये, यानी कुल 4 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले 1,000 रुपये ऑनलाइन प्राप्त किए और बाद में 3,000 रुपये नकद लेने के दौरान एसीबी ने कार्रवाई कर दी।
एसीबी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।