जिले के प्रभारी सचिव डॉ. रोहित गुप्ता ने सोमवार को बायतू पंचायत समिति की ग्राम पंचायत सेवानियाला में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली और जनसेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और तय समय सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें।
शिविर में मिले कई लाभ
शिविर के दौरान कृषि विभाग ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए। स्वच्छ भारत मिशन के तहत पात्र परिवार को व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं मंगल पशु बीमा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को पशु बीमा पॉलिसियां भी सौंपी गईं।
उप जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
प्रभारी सचिव ने बायतू उप जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने चिकित्सा सुविधाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, ताकि मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके।
आयुर्वेदिक चिकित्सालय में किया पौधारोपण
राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय परिसर में पौधारोपण कर डॉ. रोहित गुप्ता ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर, उपखंड अधिकारी, विकास अधिकारी, तहसीलदार, विभिन्न विभागों के जिला एवं उपखंड स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।