राजस्थान में वीबीजी राम जी योजना का आगाज, अब ग्रामीणों को मिलेगा 125 दिन का रोजगार

Spread the love

सीएम भजनलाल का बड़ा ऐलान: देवमाली में बनेगा ₹2 करोड़ का आश्रय स्थल, ₹424 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

जयपुर: वीबीजी राम जी योजना की शुरुआत, ग्रामीण विकास को मिलेगी नई रफ्तार; रोजगार बढ़ा, विकास कार्यों पर विशेष जोर

जयपुर, 2 जुलाई। ( रिपोर्टर, महेंद्र सिंह परिहार ) राजस्थान में ग्रामीण विकास और रोजगार को नई दिशा देने के उद्देश्य से गुरुवार को वीबीजी राम जी (विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन–ग्रामीण) गारंटी योजना का राज्य स्तरीय शुभारंभ किया गया। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आंध्र प्रदेश के तिरुपति से राष्ट्रीय स्तर पर योजना की शुरुआत की, जबकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ब्यावर जिले के मसूदा से वर्चुअली कार्यक्रम में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन को गांव-गांव तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी। उनके अनुसार यह केवल रोजगार उपलब्ध कराने वाली योजना नहीं, बल्कि जल संरक्षण, ग्रामीण आधारभूत ढांचे के निर्माण, आजीविका सृजन और आत्मनिर्भर गांवों की दिशा में व्यापक अभियान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई व्यवस्था के तहत ग्रामीण परिवारों को अब 100 की जगह 125 दिनों तक रोजगार की कानूनी गारंटी मिलेगी। खेती के व्यस्त मौसम में किसानों को मजदूरों की कमी न हो, इसके लिए राज्य सरकार आवश्यकता अनुसार 60 दिनों तक कार्य विराम भी घोषित कर सकेगी।

उन्होंने बताया कि योजना में जियो-टैगिंग, सैटेलाइट इमेज, मोबाइल ऐप और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक छह माह में डिजिटल सोशल ऑडिट होगा और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए बहुस्तरीय व्यवस्था लागू रहेगी। मजदूरी का भुगतान साप्ताहिक आधार पर किया जाएगा तथा दो सप्ताह से अधिक की देरी होने पर स्वतः मुआवजा देने का प्रावधान रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026-27 के लिए योजना के तहत 12,636 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है, जो अब तक का सबसे बड़ा प्रावधान है। इस राशि से गांवों में जल संरक्षण, सड़क, आधारभूत सुविधाओं और अन्य स्थायी विकास कार्यों को गति मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने देवमाली गांव में 2 करोड़ रुपये की लागत से दर्शनार्थियों के लिए आश्रय स्थल बनाने की घोषणा की। साथ ही सरोवर के जीर्णोद्धार और सड़क विकास कार्यों का भी भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दो लाभार्थियों को ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्ड वितरित किए। स्वयं सहायता समूहों को बैंकों के माध्यम से करोड़ों रुपये की ऋण सहायता, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को आवास स्वीकृति और चाबियां सौंपीं। समर्थ सखी ऋण योजना के अंतर्गत क्लस्टर मैनेजर एवं बैंक मित्रों को स्कूटियां भी प्रदान की गईं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 424 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया तथा “हरियालो राजस्थान” अभियान के तहत प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *