बठिंडा-डबवाली हाईवे पर भीषण टक्कर, अमरनाथ यात्रियों से भरी मेटाडोर ट्रक से भिड़ी, कई घायल
बाड़मेर: अमरनाथ यात्रा पर निकले राजस्थान के बालोतरा के श्रद्धालुओं के साथ बुधवार तड़के पंजाब के बठिंडा-डबवाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर दर्दनाक हादसा हो गया। गांव जोधपुर रोमाणा के पास श्रद्धालुओं से भरी मेटाडोर सड़क किनारे खड़े ट्रक (ट्राला) से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मेटाडोर में करीब 12 श्रद्धालु सवार थे, जो बालोतरा से बाबा अमरनाथ के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। बुधवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुए हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही थाना संगत पुलिस और समाजसेवी संस्था सहारा जन सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकालकर बठिंडा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए एम्स बठिंडा रेफर किया गया है।

थाना संगत के एसएचओ जगदीप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मेटाडोर के सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराने की बात सामने आई है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान और अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।