ग्रामीण सेवा शिविर के तहत मंगलवार को पंचायत समिति आबूरोड की ग्राम पंचायत मोरथला में शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में मोरथला निवासी लक्ष्मण पुत्र हीरा पिछले लम्बे समय से विभिन्न सरकारी योजनाओं और कल्याणकारी लाभों से वंचित थे। इस समस्या का मुख्य कारण उनके राजस्व रिकॉर्ड और अन्य आधिकारिक पहचान दस्तावेजों में नाम की भिन्नता थी। राजस्व रिकॉर्ड (खाता सं. 82, 83 व 85) में तकनीकी त्रुटिवश उनका नाम अत्यंत असम्मानजनक रूप से लसिया अंकित हो गया था। इसके विपरित, काश्तकार के अन्य आवश्यक दस्तावेजों जैसे आधार कार्ड, जन आधार कार्ड और पहचान पत्र में उनका सही नाम लक्ष्मण पुत्र हीरा दर्ज था। इस नाम की भिन्नता के कारण उन्हें अपनी ही कृषि भूमि का मालिकाना हक प्रमाणित करने तथा किसान कल्याणकारी योजना का लाभ प्राप्त करने में अत्यधिक कठिनाई और प्रशासनिक बाधाओं का समना करना पड़ रहा था।
राज्य सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर लक्ष्मण के लिए एक नया सवेरा लेकर आया। शिविर के दौरान लाभार्थी ने अपनी इस दीर्घकालिक समस्या को उपस्थित राजस्व अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया। प्रशासन द्वारा मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की गई। पटवारी हल्का मोरथला एवं भू.अ.नि. आबूरोड द्वारा वर्तमान राजस्व रिकॉर्ड और खाते का गहनता से सत्यापन किया गया। इसके बाद शिविर में उपस्थित ग्रामीणों और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में पूरी पारदर्शिता के साथ शुद्धि पत्र तैयार किया गया। त्रुटिपूर्ण नाम लसिया को हटाकर रिकॉर्ड में सही नाम लक्ष्मण पुत्र हीरा दर्ज कर मौके पर ही शुद्धिकरण की प्रक्रिया पूर्ण की गई।
वर्षों से लंबित इस जटिल तकनीकी समस्या का शिविर में ही कुछ ही मिनटों में निस्तारण होने से काश्तकार लक्ष्मण के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने राहत की सांस लेते हुए इस जनहितैषी और संवेदनशीलता से परिपूर्ण पहल के लिए राज्य सरकार व प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया।