जिला कलेक्टर ने सनवाड़ा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का अवलोकन किया

Spread the love

सिरोही,29 जून। ( रिपोर्टर, महेंद्र सिंह परिहार ) राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत उपखण्ड रेवदर में ग्राम पंचायत सनवाडा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने अवलोकन किया। शिविर में जिला कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों से कैम्प की प्रगति के बारे में चर्चा करते हुए भूमि के नामान्तरकरण बंटवारे, पीएम किसान सम्मान निधि, पट्टा वितरण, लाडो प्रोत्साहन योजना की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिला कलेक्टर ने इस दौरान प्रत्येक विभाग की टेबल पर जाकर संबंधित विभागीय अधिकारियों से विभागीय कार्यों की जानकारी लेते हुए प्रत्येक पात्र को राज्य सरकार की मंशानुरूप विभागीय योजनाओं से लाभान्वित करने और आमजन की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस दौरान आमजन से भी संवाद किया तथा आमजन की समस्याओं को सुनकर अधिकारियों को त्वरित एवं नियमानुसार राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।

शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को लाभ संबंधित दस्तावेज सौंपे गए एवं अन्य से भी शिविरों का लाभ लेने की अपील की गई।शिविर में 22 विभागों के अधिकारी / कार्मिक उपस्थित रहे, जहां मौके पर ग्रामवासियों को चिकित्सा परामर्श, स्वास्थ्य चैकअप तथा जरूरत अनुसार दवाई भी दी गयी। सनवाडा में सह खातेदारों द्वारा आपसी सहमति से कृषि भूमि बंटवारे हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया इस बटवारे में वर्षों से लंबित भूमि संबंधी विवाद का शांतिपूर्ण समाधान हुआ मौके पर ही त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण हेतु सह खातेदारों द्वारा राजस्थान सरकार का आभार व्यक्त किया गया। ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के माध्यम से ग्रामीणों को समयबद्व, सरल एवं प्रभावी सेवाओं हेतु राजस्थान सरकार व प्रशासन का आभार व्यक्त किया गया। शिविर में उपखण्ड अधिकारी राजन लोहिया, विकास अधिकारी सांवलाराम चौधरी, तहसीलदार मंजू देवासी व अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं समस्त ब्लॉक स्तरीय / ग्राम स्तरीय अधिकारीगण उपस्थिति रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *