Headlines

आपसी विवाद में चाकू से हमला, टूरिस्ट गाइड गंभीर घायल, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

Spread the love

जयपुर: राजधानी जयपुर के आमेर थाना इलाके में मावठा सरोवर के पास आपसी विवाद के बाद चाकूबाजी का मामला सामने आया है. जीप चालक और टूरिस्ट गाइड के बीच विवाद होने के बाद एक युवक ने गाइड को चाकू मारकर घायल कर दिया. इस हमले में टूरिस्ट गाइड मनीष सोनी घायल हो गए. सूचना मिलते ही आमेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती करवाया. घटना के पीछे पुरानी रंजिश होने की बात सामने आ रही है.

थाने पर उमड़े स्थानीय लोग:

वारदात के बाद काफी संख्या में टूरिस्ट गाइड और स्थानीय लोग कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पर एकत्रित हो गए. पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है. आमेर थाना अधिकारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि मावठा सरोवर के पास चाकूबाजी की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. उन्होंने बताया कि जीप चालक और टूरिस्ट गाइड के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद एक युवक ने गाइड मनीष सोनी पर चाकू से हमला कर दिया.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस:

थाना अधिकारी ने बताया कि घटना के विरोध में स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. पुलिस विवाद के असल कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है. इसके लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है और जल्द ही इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग:

स्थानीय लोगों के अनुसार, पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने टूरिस्ट गाइड पर अचानक हमला किया. उसने पेट में दो जगह चाकू से वार किया, जिससे मनीष सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए. इस घटना से स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है. लोगों ने थाने पर एकत्रित होकर पुलिस प्रशासन से आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *