एम्स जोधपुर के विशेषज्ञ देंगे जांच, परामर्श और जागरूकता का संदेश
आबूरोड/तरतोली। विश्व सिकल सेल जागरूकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार, 19 जून 2026 को आबूरोड तहसील के तरतोली गांव में विशेष स्वास्थ्य जागरूकता शिविर एवं विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन एम्स जोधपुर एवं टीएडी के अधीन संचालित दानवाव स्थित जनजातीय स्वास्थ्य एवं अनुसंधान केंद्र टेली मेडिसिन सेंटर के तत्वावधान में किया जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन प्रमुख अन्वेषक एवं एम्स जोधपुर के बाल रोग एवं फैमिली मेडिसिन विभागाध्यक्ष (पूर्व डीन अकादमिक) डॉ. कुलदीप सिंह तथा एडिशनल प्रोफेसर (फार्माकोलॉजी) डॉ. प्रदीप द्विवेदी के निर्देशन में किया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा सिकल सेल रोग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य शिविर, सिकल सेल जांच, परामर्श सत्र तथा जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विशेषज्ञ सिकल सेल रोग के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करेंगे। विशेष रूप से युवाओं एवं नवविवाहित दंपत्तियों को सिकल सेल जांच के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि भविष्य में इस आनुवंशिक बीमारी के प्रसार को कम किया जा सके।
एम्स जोधपुर एवं टीएडी के अधीन संचालित दानवाव स्थित जनजातीय स्वास्थ्य एवं अनुसंधान केंद्र टेली मेडिसिन सेंटर द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। साथ ही सिकल सेल रोग से प्रभावित व्यक्तियों एवं उनके परिजनों को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
केंद्र की ओर से सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे 19 जून को आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेकर सिकल सेल रोग के प्रति जागरूकता फैलाने में अपना सहयोग प्रदान करें।
संदेश : “सिकल सेल की समय पर जांच कराएं, स्वस्थ भविष्य अपनाएं।”