फलोदी: ‘मां री संभाल’ अभियान के तहत लुंबासर में विशेष स्वास्थ्य शिविर, गर्भवती महिलाओं की हुई व्यापक जांच

Spread the love

फलोदी। जिले के लुंबासर गांव में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की पहल पर ‘मां री संभाल’ अभियान के तहत विशेष मातृ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, नियमित जांच सुनिश्चित करना और सुरक्षित मातृत्व के प्रति जागरूक करना रहा।

शिविर में गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण विशेषज्ञ चिकित्सा टीम द्वारा किया गया। जांच के दौरान रक्तचाप, वजन, हीमोग्लोबिन, मूत्र परीक्षण, आवश्यक रक्त जांच, भ्रूण की धड़कन की जांच तथा निर्धारित टीकाकरण सहित विभिन्न चिकित्सकीय परीक्षण किए गए। स्वास्थ्यकर्मियों ने महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित प्रसवपूर्व जांच और संस्थागत प्रसव के महत्व की भी जानकारी दी।

चिकित्सा टीम ने महिलाओं से अपील की कि वे गर्भावस्था के दौरान निर्धारित अंतराल पर स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं और चिकित्सकों की सलाह का पालन करें, ताकि मां और शिशु दोनों का स्वास्थ्य सुरक्षित रह सके।

शिविर को सफल बनाने में डॉ. राहुल, लैब टेक्नीशियन सौरभ पुरोहित, एएनएम बबीता कुमारी एवं अनिता कुमारी तथा फार्मासिस्ट सीताराम का विशेष योगदान रहा। सभी स्वास्थ्यकर्मियों ने समर्पित भाव से सेवाएं देकर शिविर को सफल बनाया।

शिविर से लाभान्वित महिलाओं और ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *