Headlines

राजस्थान में चुनाव से पहले बड़ा प्रशासनिक उलटफेर, 183 RAS अफसरों के तबादले; पिंकी मीणा को फिर मिली नई जिम्मेदारी

Spread the love

जयपुर, 11 अगस्त 2026। राजस्थान में आगामी पंचायत और निकाय चुनावों से पहले प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने 183 राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) अधिकारियों के तबादले किए हैं। कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

तबादला सूची में मुख्यमंत्री कार्यालय के OSD योगेश कुमार श्रीवास्तव समेत कई अधिकारियों के पद बदले गए हैं। योगेश कुमार श्रीवास्तव को गंगानगर शुगर मिल्स लिमिटेड, जयपुर में महाप्रबंधक के पद पर नियुक्त किया गया है।

पिंकी मीणा का दो महीने में दूसरी बार तबादला

ताजा सूची में RAS अधिकारी पिंकी मीणा का नाम भी खास चर्चा में है। करीब दो महीने के भीतर उनका दूसरी बार तबादला हुआ है। उन्हें अब दौसा में सहायक कलेक्टर मुख्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वे प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग में सहायक निदेशक, सवाई माधोपुर के पद पर कार्यरत थीं।

चुनाव से पहले अधिकारियों की तैनाती में बदलाव

बताया जा रहा है कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ तथा गृह जिले में तैनात अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। चुनाव से पहले प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखना माना जा रहा है।

तबादला सूची में महावीर खराड़ी, अशोक कुमार चतुर्थ, नरेश बुनकर, राजवीर सिंह चौधरी, अशोक कुमार शर्मा, आलोक जैन, आकाश रंजन, जगदीश प्रसाद गौड़, राजकुमार कस्वा और ओम प्रकाश सहारण सहित कई अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है।

कई जिलों और विभागों में बदली प्रशासनिक कमान

सरकार के आदेश के बाद प्रदेश के विभिन्न जिलों, विभागों, विकास प्राधिकरणों और स्थानीय निकायों में प्रशासनिक जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है। कई महत्वपूर्ण पदों पर नए अधिकारियों को तैनात किया गया है।

RAS तबादलों के बाद अब IAS अधिकारियों की सूची को लेकर भी प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों से पहले सरकार प्रशासनिक व्यवस्था को चुनावी जरूरतों के अनुरूप व्यवस्थित करने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *