जयपुर | 11 अगस्त 2026 राजस्थान कांग्रेस में पंचायत और निकाय चुनावों से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्टी से बगावत के चलते निष्कासित पूर्व विधायक खिलाड़ी लाल बैरवा और रामचंद्र सराधना अब कांग्रेस में दोबारा वापसी की तैयारी में हैं।
दोनों नेताओं ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से मुलाकात कर पार्टी में वापस शामिल किए जाने का आग्रह किया। बताया जा रहा है कि कांग्रेस की प्रदेश अनुशासन समिति दोनों नेताओं की वापसी की सिफारिश पहले ही कर चुकी है।
मुलाकात के बाद खिलाड़ी लाल बैरवा ने कहा कि डोटासरा ने जल्द ही उनकी कांग्रेस में वापसी को लेकर हाईकमान से बातचीत करने का भरोसा दिया है। बैरवा ने अपने पुराने फैसलों को लेकर कहा कि उस समय परिस्थितियों और गुस्से के चलते वे कांग्रेस से दूर हो गए थे, लेकिन अब वे पार्टी में लौटकर एक सामान्य कार्यकर्ता के तौर पर काम करना चाहते हैं।
बैरवा बसेड़ी से कांग्रेस विधायक रह चुके हैं। विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा और बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे। हालांकि, भाजपा में उनका सफर ज्यादा लंबा नहीं चला और उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया।
वहीं, विराटनगर से विधायक रहे रामचंद्र सराधना ने भी कांग्रेस से बगावत कर चुनाव लड़ने के बाद पार्टी से निष्कासन का सामना किया था। अब उन्होंने भी कांग्रेस में वापसी की इच्छा जताई है।
दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद कांग्रेस में उनकी ‘घर वापसी’ की उम्मीदें बढ़ गई हैं, हालांकि अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान की मंजूरी के बाद ही होगा।