अजमेर | अजमेर जिले के गेगल थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कावड़ यात्रा की खुशियों को मातम में बदल दिया। गेगल थाने के सामने तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने पुष्कर से पवित्र गंगाजल लेकर किशनगढ़ लौट रहे कावड़ यात्रियों को टक्कर मार दी। हादसे में किशनगढ़ निवासी शुभम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई घायल हो गया। घायल को तत्काल जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित कावड़ यात्रियों ने भागने की कोशिश कर रहे ट्रक चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर गेगल थाना पुलिस मौके पर पहुंची, चालक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में लिया और स्थिति को शांत कराया।
पुलिस ने मृतक शुभम के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। परिजनों के पहुंचने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शुभम के पिता का भी कुछ समय पहले निधन हो चुका था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।