Headlines

जयपुर: स्कूल छोड़ने के बहाने ले गया मामा, करंट से भांजे की मौत; शव को गड्ढे में नमक डालकर दबाया, आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

​जयपुर/झालावाड़: राजस्थान के झालावाड़ जिले में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बकानी थाना क्षेत्र के बडाय गांव से लापता 13 वर्षीय मासूम की मौत का पुलिस ने सोमवार को पर्दाफाश करते हुए उसके सगे मामा मुकेश कुमार भील को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने न केवल लापरवाही से बालक की जान ली, बल्कि साक्ष्य मिटाने के लिए उसके शव को गड्ढे में दबाकर उस पर नमक भी डाल दिया।

​विश्वास का फायदा उठाकर ले गया साथ

​पुलिस जांच के अनुसार, घटना 30 जुलाई की है। आरोपी मुकेश कुमार ने अपने 13 वर्षीय भांजे को स्कूल छोड़ने का झांसा दिया और उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर गांव के बाहर कोटड़ा घटा क्षेत्र में स्थित एक नाले के पास ले गया। परिजनों को लगा कि बालक स्कूल गया है, लेकिन जब वह देर शाम तक घर नहीं लौटा तो दादा मांगीलाल भील ने 31 जुलाई को बकानी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

​अवैध तरीके से पकड़ रहा था मछली

​जांच में सामने आया कि आरोपी नाले के पास ट्रांसफार्मर से अवैध रूप से बिजली का तार जोड़कर मछली पकड़ रहा था। बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के उसने करंट प्रवाहित तार बालक के हाथ में पकड़ा दिया। तार क्षतिग्रस्त होने के कारण मासूम को भीषण करंट लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

​साक्ष्य मिटाने के लिए शव पर डाला नमक

​हादसे के बाद पकड़े जाने के डर से आरोपी घबरा गया। उसने अपराध छिपाने की नीयत से शव को घटनास्थल से लगभग 150 मीटर दूर नाले के पास एक गड्ढे में फेंक दिया। शव को पत्तों व मिट्टी से ढका और वह जल्द से जल्द गल जाए, इसके लिए उस पर भारी मात्रा में नमक डाल दिया। इसके बाद आरोपी बेफिक्र होकर वापस गांव लौट आया।

​तकनीकी जांच से बेनकाब हुआ आरोपी

​पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, गवाहों के बयानों और घटनास्थल के बारीक निरीक्षण के आधार पर कड़ियां जोड़ीं। संदेह के आधार पर जब मामा मुकेश कुमार से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने पूरा सच उगल दिया।

​पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 105, 238 तथा किशोर न्याय अधिनियम (JJ Act) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और उस पर पहले से चोरी का मामला दर्ज है। पुलिस मामले की अग्रिम जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *