बालोतरा सरकारी स्कूल में शिक्षिकाओं की हाथापाई, वीडियो वायरल होते ही शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई

Spread the love

बालोतरा | 31 जुलाई 2026 राजस्थान के बालोतरा जिले के एक सरकारी विद्यालय में दो महिला शिक्षिकाओं के बीच हुई हाथापाई का मामला तूल पकड़ गया है। स्कूल परिसर में हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने जांच कराई, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर एक शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार 24 जुलाई को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, तिरसिंगड़ी सोढ़ा में स्कूल समय के दौरान किसी बात को लेकर दो महिला शिक्षिकाओं के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। घटना का वीडियो किसी मौजूद व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अगले दिन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

जांच के बाद हुई कार्रवाई

वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय), माध्यमिक शिक्षा, बालोतरा के निर्देश पर पूरे मामले की जांच कराई गई। जांच अधिकारियों ने घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि करते हुए अपनी रिपोर्ट विभाग को सौंपी।

रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि ड्यूटी के दौरान विद्यालय परिसर में शिक्षिकाओं के बीच मारपीट हुई, जो सरकारी सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन है।

एक शिक्षिका निलंबित

जांच रिपोर्ट के आधार पर शिक्षा विभाग ने उमा देवी सैनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। विभाग का कहना है कि विद्यालय परिसर में इस प्रकार का व्यवहार अनुशासनहीनता है और इससे विद्यार्थियों के सामने गलत संदेश जाता है तथा विद्यालय की गरिमा प्रभावित होती है।

नियम-4 के उल्लंघन का मामला

विभागीय आदेश में कहा गया है कि वायरल वीडियो में दोनों शिक्षिकाएं स्कूल परिसर में आपस में झगड़ती और हाथापाई करती दिखाई दे रही हैं। इसे राजस्थान सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1971 के नियम-4 का उल्लंघन मानते हुए गंभीर मामला माना गया है।

ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय किया अटैच

निलंबन अवधि के दौरान उमा देवी सैनी का मुख्यालय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, समग्र शिक्षा, पाटोदी कार्यालय निर्धारित किया गया है। साथ ही उन्हें तत्काल प्रभाव से ऑनलाइन कार्यमुक्त करने के निर्देश जारी किए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई नियमानुसार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *