राजस्थान में प्री-मानसून मेहरबान जयपुर में कई इलाकों में बारिश, 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

Spread the love

जयपुर: राजस्थान में प्री-मानसून बारिश का दौर जारी है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल रही है। शनिवार दोपहर राजधानी जयपुर में हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, कोटा जिले के मंडाना क्षेत्र में करीब एक घंटे तक अच्छी बारिश हुई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया और किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई। मौसम विभाग ने प्रदेश के 12 जिलों में आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। शुक्रवार को भी कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग के कई इलाकों में प्री-मानसून बारिश हुई।

बूंदी, राजसमंद, अजमेर और कोटा सहित कई जिलों में एक इंच तक वर्षा रिकॉर्ड की गई। पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश क्षेत्रों में दोपहर तक मौसम साफ रहा, लेकिन बाद में बादल छाने के साथ कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि प्री-मानसून का यह दौर 24 जून तक सक्रिय रहेगा, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी से राहत और तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है। किसानों और आमजन के लिए यह बारिश राहतभरी साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *