रोजगार परक लघु अवधि कौशल विकास प्रशिक्षण हेतु आवेदन आमंत्रित
सिरोही। अल्पसंख्यक वर्ग के बेरोजगार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अल्पसंख्यक मामलात विभाग द्वारा राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम के माध्यम से रोजगारोन्मुख लघु अवधि कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रमेश चौधरी ने बताया कि प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इसके अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। ब्यूटी एंड वेलनेस सेक्टर में सैलून एंड ब्यूटी, फिटनेस, रेजुवनेशन, ब्यूटी प्रोडक्ट्स एवं काउंटर सेल्स, गारमेंट मेकिंग के तहत सिलाई मशीन ऑपरेटर, हेल्थ केयर सेक्टर में योगा एवं जनरल ड्यूटी असिस्टेंट तथा कम्प्यूटर एवं आईटी क्षेत्र में रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन 10 जुलाई तक जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय में जमा करवा सकते हैं। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण प्राप्त करने में भी प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।
अल्पसंख्यक मामलात विभाग की इस पहल से युवाओं को कौशल विकास के साथ-साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध होने की उम्मीद है।