कलेक्टर के निर्देश पर बड़ा अभियान शुरू, अवैध टीन शेड और निर्माण हटाने में जुटा प्रशासन
आबूरोड/ आबू पर्वत, सिरोही। ( रिपोर्टर महेंद्र सिंह परिहार ) पर्यटन नगरी आबू राज में मुख्य सड़क मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने विशेष अभियान की शुरुआत कर दी है। जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर के निर्देश पर बुधवार को नक्की झील क्षेत्र से अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्रवाई के तहत दुकानों के बाहर लगाए गए अवैध टीन शेड, अस्थायी निर्माण एवं सड़क सीमा में किए गए अतिक्रमणों को हटाया जा रहा है।
उपखंड अधिकारी डॉ. अंशु प्रिया के मार्गदर्शन में नगरपालिका आयुक्त राम किशोर मेहता के नेतृत्व में अभियान चलाया जा रहा है। यह कार्रवाई रघुनाथ मंदिर क्षेत्र से शुरू होकर एमके चौराहा, चाचा म्यूजियम मार्ग होते हुए बस स्टैंड तक जारी रही। प्रशासन का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना और आमजन को राहत प्रदान करना है।
अभियान के दौरान नायब तहसीलदार कुंज बिहारी झा, पटवारी अभिषेक जैन, जन स्वास्थ्य निरीक्षक रमेश रोहिन, राजकिशोर शर्मा, जमादार तरुण सहित नगरपालिका कर्मी मौजूद रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जाब्ता भी मौके पर तैनात रहा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान के पहले दिन कई स्थानों से अवैध टीन शेड और अन्य अस्थायी निर्माण हटाए गए।