पिण्डवाड़ा : ग्रामीण सेवा शिविर में गूंजीं जनसमस्याएं, वार्ड पंच राकेश रावल ने एडीएम के नाम सौंपे 6 ज्ञापन

Spread the love

पेयजल, बिजली, मोबाइल नेटवर्क और पट्टों की मांग को लेकर उठी आवाज, ग्रामीणों को समाधान का भरोसा

पिंडवाड़ा (सिरोही)। ग्राम पंचायत अजारी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में प्रशासनिक कमेटी सदस्य एवं वार्ड पंच राकेश रावल ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान के लिए शिविर प्रभारी के माध्यम से अतिरिक्त जिला कलेक्टर के नाम छह महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपे। ज्ञापनों में पेयजल, बिजली, स्वच्छता, मोबाइल नेटवर्क तथा आवासीय पट्टों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।

रावल ने नवा-अरट क्षेत्र में क्षतिग्रस्त पेयजल पाइपलाइन को भूमिगत बिछाने, क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने तथा कैलाश नगर एवं सिगलावा में नियमित कचरा संग्रहण वाहन संचालित करने की मांग रखी। साथ ही कैलाश नगर क्षेत्र में कमजोर मोबाइल नेटवर्क की समस्या के समाधान के लिए मोबाइल टावर स्थापित करने का आग्रह किया गया।

उन्होंने रेलवे क्षेत्र में जलापूर्ति बाधित होने की समस्या के स्थायी समाधान हेतु आवश्यक सिक्योरिटी राशि जमा करवाने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी। इसके अलावा नगरपालिका परिधि क्षेत्र में खातेदारी भूमि पर बने पुश्तैनी मकानों के पट्टे जारी करने तथा क्षेत्र में बार-बार होने वाली बिजली कटौती की समस्या का स्थायी समाधान करने की आवश्यकता बताई।

ग्रामीण सेवा शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखते हुए शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई। शिविर के माध्यम से जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विकास एवं मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से प्रशासन तक पहुंचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *