आबूरोड : विशेष अभियान में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब के खिलाफ चला सख्त अभियान

Spread the love

उपलागढ़-निचला बोर में 9 अवैध भट्टियां ध्वस्त, 4500 लीटर वॉश नष्ट कर आबकारी विभाग ने तस्करों पर कसा शिकंजा

सिरोही, 24 जून। उदयपुर आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिरोही जिले में आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। जिला आबकारी अधिकारी अजय जैन के निर्देशन में सहायक आबकारी अधिकारी सैयद बशारत अली एवं आबकारी निरोधक दल ने आबूरोड क्षेत्र के उपलागढ़ गांव के दुर्गम पहाड़ी इलाके में संयुक्त छापेमार कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान जोधाराम पुत्र फुलाजी गरासिया निवासी उपलागढ़ के विरुद्ध महत्वपूर्ण श्रेणी का अभियोग दर्ज किया गया। टीम ने मौके से कुल 14 पेटी अवैध मदिरा बरामद की, जिनमें 288 पव्वे राजस्थान निर्मित मदिरा (आरएमएल), 60 बीयर की बोतलें तथा 144 पव्वे अंग्रेजी शराब शामिल हैं।

इसके अलावा उपलागढ़ एवं निचला बोर गांव में अवैध हथकढ़ शराब के निर्माण के विरुद्ध अभियान चलाते हुए नदी किनारों और नालों में संचालित 9 अवैध भट्टियों को ध्वस्त किया गया। विभाग ने मौके पर मौजूद उपकरणों को नष्ट करने के साथ ही प्लास्टिक ड्रमों एवं टंकियों में भरी करीब 4500 लीटर उत्तेजित वॉश को भी नष्ट कर दिया।

इस कार्रवाई में आबकारी थाना आबूरोड के प्रहराधिकारी देवाराम चौधरी सहित आबकारी थाना सिरोही का जाब्ता भी मौजूद रहा। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।

— रिपोर्ट: अवैध मदिरा कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग की यह कार्रवाई क्षेत्र में कानून व्यवस्था और जनस्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *