धनारी में राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेल प्रतिभाओं ने दिखाया दम, 210 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

Spread the love

धनारी। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त 2026 को धनारी खेल मैदान में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। आयोजन में क्षेत्र के तीन शिक्षण संस्थानों की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में कुल 210 खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान खो-खो, वॉलीबॉल, कबड्डी, रिले रेस और बेसबॉल सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। मैदान पर खिलाड़ियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ मुकाबलों में भाग लिया।

प्रतियोगिता में परशुराम गुरुकुल माध्यमिक विद्यालय, कोजरा, शिव शिक्षण संस्थान माध्यमिक विद्यालय, धनारी तथा गायत्री शिक्षण संस्थान, नई जमीन की टीमों ने भाग लिया।

प्रतियोगिताओं में इन टीमों ने हासिल की जीत

कबड्डी प्रतियोगिता में गायत्री शिक्षण संस्थान, नई जमीन की टीम विजेता रही। वहीं खो-खो में परशुराम गुरुकुल माध्यमिक विद्यालय, कोजरा ने बाजी मारी।

वॉलीबॉल और बेसबॉल प्रतियोगिता में शिव शिक्षण संस्थान माध्यमिक विद्यालय, धनारी की टीम विजेता रही।

रिले दौड़ में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 4×100 मीटर रिले में राहुल, सुरेश, कमलेश और केतन की टीम ने जीत हासिल की। वहीं 4×400 मीटर रिले में पलक, लक्ष्मी, खुशी और सोना ने विजेता टीम के रूप में सफलता हासिल की।

नेहरू युवा मंडल ने संभाली पुरस्कार व्यवस्था

प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों और टीमों के लिए पुरस्कार व्यवस्था नेहरू युवा मंडल, धनारी की ओर से की गई। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम के संबंध में जानकारी नारायण लाल कलबी द्वारा दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *