बूथ सशक्तीकरण से लेकर घर-घर जनसंपर्क तक बनी रणनीति, नेताओं ने कार्यकर्ताओं में भरा जीत का जोश
आबूराज। नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आबूराज में चुनावी तैयारियों का औपचारिक आगाज कर दिया है। भाजपा नगर मंडल की ओर से बुधवार को भव्य समारोह के बीच चुनाव कार्यालय का शुभारंभ किया गया। कार्यालय उद्घाटन के साथ ही पार्टी ने चुनावी रणनीति को धरातल पर उतारने की दिशा में कदम बढ़ाया।
कार्यक्रम में पिंडवाड़ा-आबू विधायक समाराम गरासिया, जिला सह प्रभारी आवड़दान चारण, पिंडवाड़ा प्रधान नितिन बंसल, जिला महामंत्री नरपत सिंह, जिला महामंत्री रामलाल रनोरा एवं नगर मंडल अध्यक्ष अक्षय चौहान सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर आयोजित बैठक में नगर निकाय चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों, बूथ सशक्तीकरण और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
विधायक समाराम गरासिया ने कहा कि आबूराज की जनता का भाजपा के प्रति विश्वास मजबूत है। उन्होंने चुनाव कार्यालय को केवल चुनावी गतिविधियों का केंद्र नहीं, बल्कि सेवा और विकास के संकल्प का केंद्र बताया।
जिला सह प्रभारी आवड़दान चारण ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर मजबूती से काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ को मजबूत करते हुए घर-घर तक केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाए।
पिंडवाड़ा प्रधान नितिन बंसल ने संगठन की एकजुटता को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताया। वहीं जिला महामंत्री नरपत सिंह और रामलाल रनोरा ने पन्ना प्रमुख स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
नगर मंडल अध्यक्ष अक्षय चौहान ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पूरी एकजुटता और मेहनत के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे तथा नगर पालिका में भाजपा का बोर्ड बनाने के लक्ष्य को लेकर काम किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में महामंत्री लक्ष्मण प्रजापत ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं शहरवासियों का आभार व्यक्त किया। चुनाव कार्यालय के शुभारंभ के साथ ही आबूराज में नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर भाजपा की चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं।