रेवदर क्षेत्र में बरसाती नालों पर दबिश, चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज
सिरोही, 27 अगस्त। आगामी चुनावों को देखते हुए जिले में अवैध शराब की बिक्री, संग्रहण, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ आबकारी विभाग ने निरोधात्मक अभियान तेज कर दिया है। इसी अभियान के तहत 26 अगस्त को रेवदर क्षेत्र के मैथीपुरा गांव में आबकारी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की।
जिला आबकारी अधिकारी गजेन्द्रसिंह राजपुरोहित के निर्देशन में सहायक आबकारी अधिकारी जगदीश राम विश्नोई के नेतृत्व में आबकारी निरोधक दल रेवदर एवं आबूरोड की संयुक्त टीम ने मैथीपुरा क्षेत्र के बरसाती नालों में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान प्लास्टिक ड्रमों में भरी करीब 2000 लीटर उत्तेजित वॉश बरामद हुई, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
कार्रवाई में आबकारी निरोधक दल रेवदर के प्रहराधिकारी हरिसिंह तथा आबकारी निरोधक दल आबूरोड के प्रहराधिकारी लेखराज सहित टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। चुनाव के मद्देनजर विभाग द्वारा ऐसे मामलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।