माउंट आबू। आगामी नगरपालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी की ओर से बुधवार, 26 अगस्त को इच्छुक प्रत्याशियों के साथ वन-टू-वन बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक सुबह 10 बजे होटल रॉयल गार्डन में होगी। इसमें राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं पूर्व मंत्री दीपक डंडोरिया ऑब्जर्वर के रूप में मौजूद रहेंगे। रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी सहित जिला प्रभारी अंजना मेघवाल, सह-प्रभारी गब्बर सिंह मीणा, विधानसभा प्रभारी कैलाश गहलोत, जिला अध्यक्ष लीलाराम गरासिया और ब्लॉक अध्यक्ष राकेश रेबारी भी बैठक में शामिल होंगे।

बैठक के दौरान इच्छुक प्रत्याशियों से व्यक्तिगत चर्चा कर उनकी दावेदारी, विचार और क्षेत्रीय संगठन से जुड़े विषयों पर संवाद किया जाएगा। साथ ही आगामी नगरपालिका चुनाव की रणनीति और संगठन की तैयारियों को लेकर भी मंथन होगा।
नगर मंडल कांग्रेस अध्यक्ष नारायण सिंह भाटी ने सभी इच्छुक प्रत्याशियों से निर्धारित समय पर बैठक में पहुंचने की अपील की है। कांग्रेस प्रवक्ता नवनीत बंसल के अनुसार, पार्टी चुनाव को लेकर लगातार संगठनात्मक स्तर पर संवाद कर रही है और वन-टू-वन बैठक को चुनावी तैयारियों के अहम चरण के रूप में देखा जा रहा है।