सिरोही : स्ट्रांग रूम, मतगणना कक्ष और मतदान केंद्रों का लिया जायजा, दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर के निर्देश

Spread the love

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सिरोही-पिंडवाड़ा में चुनावी तैयारियों का लिया जायजा

सिरोही, 25 अगस्त। आगामी निकाय चुनाव 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर ने मंगलवार को सिरोही एवं पिंडवाड़ा उपखंड क्षेत्रों का दौरा कर विभिन्न चुनावी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सिरोही उपखंड कार्यालय पहुंचकर रिटर्निंग अधिकारी से चुनाव संबंधी तैयारियों की जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसके बाद नवीन भवन विद्यालय में पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों के प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी कार्य पूरी गंभीरता के साथ राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप संपादित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सर. के.एम. स्कूल स्थित मतदान केंद्र का भी निरीक्षण कर वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं एवं अन्य चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने पिंडवाड़ा उपखंड में चुनावी तैयारियों का निरीक्षण किया। उपखंड कार्यालय में रिटर्निंग अधिकारी कक्ष का अवलोकन कर चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा आवश्यक बेरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए स्ट्रांग रूम, मतगणना कक्ष एवं मतदान बूथों का निरीक्षण किया। मतगणना कक्ष की आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर सहायक अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग को निर्देश दिए, वहीं कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बूथ संख्या 20, 21 एवं 24 का निरीक्षण करते हुए दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए व्हीलचेयर उपलब्ध करवाने तथा मतदान केंद्रों पर 100 मीटर की लाइनिंग सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *