सिरोही, 22 अगस्त। ( रिपोर्टर, महेंद्र सिंह परिहार ) नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव में पार्टी के टिकट पर मैदान में उतरने के इच्छुक दावेदारों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। विभिन्न वार्डों से अब तक 88 दावेदारों ने अपने आवेदन प्रस्तुत किए हैं।
दावेदारों ने राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, सांसद लुम्बाराम चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी, जिला महामंत्री गणपतसिंह राठौड़ एवं मंडल अध्यक्ष चिराग रावल के समक्ष चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए आवेदन सौंपे।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री ने बताया कि नगर निकाय चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं और संभावित प्रत्याशियों में उत्साह का माहौल है। पार्टी से चुनाव लड़ने के इच्छुक अन्य दावेदार 23 अगस्त रविवार तक अपने आवेदन जमा करवा सकते हैं।

आवेदन प्रक्रिया के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने दावेदारों से संवाद कर वार्ड स्तर पर जनसंपर्क मजबूत करने, संगठन को सक्रिय करने और आगामी चुनाव में पार्टी की स्थिति मजबूत बनाने को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
अब आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्टी स्तर पर सभी दावेदारों के नामों पर मंथन किया जाएगा। संगठन द्वारा वार्डवार स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और चुनावी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए योग्य एवं जिताऊ प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।