आबूरोड। रोशनी अभियान 2026 के तहत मंगलवार को राजकीय जनजाति बालिका आश्रम छात्रावास, मानपुर आबूरोड में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग तथा महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में छात्रावास की 150 बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं हीमोग्लोबिन स्तर की जांच की गई।
शिविर में महिला अधिकारिता विभाग की पर्यवेक्षक रीना कुमारी मीणा ने बालिकाओं को विभागीय योजनाओं एवं उनके लिए संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। वहीं चिकित्सा विभाग की CHO मंजूदेवी, नर्सिंग स्टाफ मानसिंह, ANM चेतना कुमारी एवं आशा सहयोगिनी अनिता सेन ने बालिकाओं की स्वास्थ्य एवं हीमोग्लोबिन जांच की।

जांच के दौरान कम हीमोग्लोबिन स्तर वाली बालिकाओं को चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार आयरन एवं फोलिक एसिड सहित आवश्यक पोषक तत्वों की गोलियां उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। बालिकाओं को दवाओं के नियमित सेवन के साथ एनीमिया से बचाव, संतुलित पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।

शिविर में बालिकाओं को मल्टीविटामिन, आयरन, फोलिक एसिड एवं विटामिन-सी की टैबलेट भी वितरित की गई। अधिकारियों ने कहा कि किशोरियों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए हीमोग्लोबिन की नियमित निगरानी और समय पर आवश्यक उपचार बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में छात्रावास की वार्डन हेमलता चौधरी सहित 150 बालिकाएं उपस्थित रहीं। रोशनी अभियान के तहत बालिकाओं में एनीमिया की समय पर पहचान, उपचार और स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभाग की ओर से लगातार स्वास्थ्य गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।