35 वार्डों का आरक्षण तय, लॉटरी के बाद चुनावी मैदान में बदले समीकरण
सिरोही। ( रिपोर्टर, महेंद्र सिंह परिहार ) नगर परिषद चुनाव को लेकर सिरोही में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। नगर परिषद के 35 वार्डों के आरक्षण की तस्वीर सामने आने के बाद संभावित प्रत्याशियों की रणनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। आरक्षण तय होने के साथ ही कई पुराने दावेदारों का चुनावी गणित बदल गया है, जबकि महिला और आरक्षित वर्ग से जुड़े नए चेहरों के लिए भी चुनावी मैदान खुल गया है।
SC के लिए 6 वार्ड आरक्षित
अनुसूचित जाति वर्ग के लिए वार्ड 3, 5, 26, 30, 33 और 34 आरक्षित किए गए हैं। इनमें वार्ड 33 और 34 महिला आरक्षित हैं।
ST के हिस्से में 3 वार्ड
अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए वार्ड 2, 6 और 23 आरक्षित हैं। इनमें वार्ड 6 ST महिला के लिए आरक्षित है।
OBC के खाते में 7 वार्ड
अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए वार्ड 7, 13, 15, 17, 21, 24 और 27 आरक्षित किए गए हैं। इनमें वार्ड 17 और 27 OBC महिला के लिए आरक्षित हैं।
सामान्य वर्ग के 19 वार्ड
अनारक्षित/सामान्य वर्ग के लिए वार्ड 1, 4, 8, 9, 10, 11, 12, 14, 16, 18, 19, 20, 22, 25, 28, 29, 31, 32 और 35 रखे गए हैं। इनमें वार्ड 11, 19, 20, 22, 28 और 35 महिला आरक्षित हैं।
लॉटरी ने बदला दावेदारों का समीकरण
आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होते ही चुनावी तैयारियों में जुटे संभावित प्रत्याशियों के बीच हलचल बढ़ गई है। जिन नेताओं और दावेदारों को अपने वार्ड से चुनाव लड़ने की उम्मीद थी, उनमें से कई को अब नए वार्ड या नई रणनीति पर विचार करना पड़ सकता है। वहीं आरक्षित वार्डों में संबंधित वर्ग के नए दावेदारों की सक्रियता बढ़ने की संभावना है।
अब निगाहें राजनीतिक दलों की टिकट वितरण प्रक्रिया पर टिकी हैं। कौन सा चेहरा किस वार्ड से मैदान में उतरता है और किसे पार्टी का समर्थन मिलता है, यह आने वाले दिनों में सिरोही की चुनावी तस्वीर को और दिलचस्प बनाएगा।
आरक्षण की लॉटरी ने पत्ते खोल दिए हैं… अब टिकट की दौड़ तेज होगी, दावेदार आमने-सामने होंगे और सिरोही में चुनावी मुकाबले का असली रंग दिखाई देगा।