आजाद मैदान में विराजेंगे गणपति बप्पा, 18 सितंबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा; सैकड़ों गणेश भक्त जुटेंगे
आबूरोड। सार्वजनिक गणेश महोत्सव की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को आबूरोड में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उमेश छंगाणी, गोपाल शर्मा, महेंद्र गुप्ता, के.के. मिश्रा एवं नरेंद्र अग्रवाल की देखरेख में संपन्न हुई। बैठक में आगामी गणेश महोत्सव को भव्य एवं शक्ति प्रदर्शन के रूप में आयोजित करने को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 14 सितंबर को आबूरोड सहित गांव-गांव और ढाणी-ढाणी में भगवान गणेश की प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी। वहीं शिवसेना एवं सार्वजनिक गणेश महोत्सव सेवा समिति की ओर से आबूरोड के आजाद मैदान में भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
शिवसेना शहर प्रमुख लालाराम खारवाल ने बताया कि गणेश महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव का समापन 18 सितंबर को दोपहर 2 बजे विशाल शोभायात्रा के साथ किया जाएगा, जिसके बाद भगवान गणेश की प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया जाएगा।
बैठक में गणेश महोत्सव को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाने को लेकर कार्यकर्ताओं और गणेश भक्तों ने उत्साह व्यक्त किया। इस दौरान शहर प्रमुख लालाराम खारवाल, सुरेंद्र कच्छावा, भंवर राणा, नरेश लोधी, राजेश राठौर, सवाराम बाबरी सहित बड़ी संख्या में गणेश भक्त मौजूद रहे।
आयोजकों ने गणेश भक्तों से महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।