आबूरोड। रेडियो मधुबन एवं सुपथ ग्रामोद्योग संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, उमरनी में विद्यार्थियों के लिए सेवा एवं प्रेरणा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के 160 विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए गए।
कार्यक्रम में बीके भानु भाई ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी निरंतर प्रयास, शिक्षा और अच्छे संस्कारों के बल पर सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से लगन, मेहनत और सकारात्मक सोच को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

आरजे रमेश भाई ने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने वाला व्यक्ति अपनी परिस्थितियों को बदल सकता है। वहीं बीके कृष्णा दीदी ने नियमित ध्यान एवं सकारात्मक चिंतन के माध्यम से एकाग्रता और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया।

सुपथ ग्रामोद्योग संस्थान के सीएमडी बीके देवेन्द्र भाई सुतरिया ने विद्यालय स्टाफ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय परिवार लगातार प्रयासरत है। हिम्मत नगर से आए ब्रांड कन्सल्टेंट कमलेश सोनी ने भी विद्यार्थियों के साथ अपने विचार साझा किए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य शंभूलाल पुरोहित ने ब्रह्माकुमारीज़, रेडियो मधुबन एवं सुपथ ग्रामोद्योग संस्थान का आभार जताया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्टाफ सदस्य कमलेश, ललिता, मोनिका, राकेश, ज्योति, शांति, नरेश, नीलम, स्वर्ण सिंह, रश्मि सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।