शिवगंज में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: होटल से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

सिरोही, 13 अगस्त। अवैध मदिरा की बिक्री, संग्रहण, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने शिवगंज में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। रीको एरिया स्थित वीर हनुमान होटल में मुखबिर की गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर भारी मात्रा में देशी एवं अंग्रेजी शराब तथा बीयर बरामद की गई।

आबकारी विभाग के अनुसार, 12 अगस्त को की गई कार्रवाई में होटल से कुल 17 गत्ता कार्टूनों में रखी विभिन्न प्रकार की मदिरा बरामद हुई। बरामद माल में 180 एमएल के 191 पव्वे अंग्रेजी मदिरा, 650 एमएल की 96 बोतल बीयर, 500 एमएल के 8 कैन किंगफिशर स्ट्रांग बीयर, 330 एमएल की 13 बोतल किंगफिशर स्मूथ बीयर तथा 275 एमएल के 5 बकार्डी क्रैनबेरी कैन शामिल हैं।

इसके अलावा 180 एमएल के 94 पव्वे आर.एम.एल. तथा 180 एमएल के 88 पव्वे देशी मदिरा भी बरामद की गई।

कार्रवाई के दौरान होटल संचालक/कब्जेदार पारसमल माली पुत्र धर्माराम माली को मौके से गिरफ्तार किया गया। आबकारी निरोधक दल सिरोही में मामला दर्ज कर राजस्थान आबकारी अधिनियम 1950 की धारा 19(4)/54 के तहत जांच शुरू कर दी गई है।

यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त राजस्थान उदयपुर नमित मेहता एवं अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन-जोधपुर सीमा कविया के आदेशानुसार, जिला आबकारी अधिकारी सिरोही गजेन्द्रसिंह राजपुरोहित के निर्देशन तथा सहायक आबकारी अधिकारी आबकारी निरोधक दल सिरोही जगदीश राम विश्नोई के नेतृत्व में की गई।

कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक वृत सिरोही जय नारायण विक्रम सिंह (अतिरिक्त कार्यभार प्रहराधिकारी आबकारी निरोधक दल सिरोही) की भूमिका रही।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *