नाकाबंदी देख बदला रास्ता, पुलिस ने 3 किलोमीटर पीछा कर एंबुलेंस पकड़ी; एस्कॉर्ट वाहन भी जब्त
सिरोही/पिंडवाड़ा। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिंडवाड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक एंबुलेंस से 1 क्विंटल 54 किलो 800 ग्राम डोडा-पोस्त बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल एंबुलेंस के साथ एक एस्कॉर्ट वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार 12 अगस्त 2026 की रात हाईवे पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक एंबुलेंस पुलिस को संदिग्ध नजर आई। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन को भगाने का प्रयास किया और रास्ता बदलकर निकलने लगा।
पुलिस टीम ने एंबुलेंस का पीछा किया और करीब 3 किलोमीटर बाद उसे रोक लिया। तलाशी के दौरान एंबुलेंस से भारी मात्रा में अवैध डोडा-पोस्त बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 23.22 लाख रुपये बताई गई है।
जांच के दौरान सामने आया कि एंबुलेंस के आगे एक एस्कॉर्ट वाहन भी चल रहा था। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। मामले में मोतीलाल पुत्र सवाजी, उम्र करीब 40 वर्ष, निवासी गारियावास, उदयपुर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर डोडा-पोस्त की सप्लाई, तस्करी नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोरसिंह के सुपरविजन में पिंडवाड़ा पुलिस और डीएसटी की टीम ने की। कार्रवाई में पिंडवाड़ा थानाधिकारी चेलसिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।